SMS हॉस्पिटल में अब हाईटेक पार्किंग सिस्टम: फास्टैग से कटेगा शुल्क, रियल टाइम मॉनिटरिंग से खत्म होगा जाम
जयपुर के SMS हॉस्पिटल में जल्द हाईटेक पार्किंग व्यवस्था लागू होगी। फास्टैग स्कैनर, रियल टाइम मॉनिटरिंग और सीसीटीवी निगरानी के जरिए पार्किंग सिस्टम को स्मार्ट बनाया जाएगा।
राजस्थान के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सवाई मानसिंह (SMS) हॉस्पिटल में जल्द ही पार्किंग की नई और हाईटेक व्यवस्था शुरू होने जा रही है। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद मरीजों और उनके परिजनों को ओपीडी समय में वाहन पार्किंग के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। हॉस्पिटल प्रशासन ने अस्पताल परिसर की सभी बेसमेंट और सरफेस पार्किंग को व्यवस्थित करने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है।
नई पार्किंग व्यवस्था से न केवल अस्पताल परिसर में लगने वाले ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, बल्कि हॉस्पिटल प्रशासन को हर साल करीब 2 करोड़ रुपए का राजस्व भी प्राप्त होगा।
रियल टाइम मॉनिटरिंग से होगी पार्किंग की निगरानी
नई व्यवस्था के तहत SMS हॉस्पिटल की सभी पार्किंग एरिया की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। किस बेसमेंट में कितनी गाड़ियां खड़ी हैं और कितनी जगह खाली है, इसकी पूरी जानकारी डिजिटल सिस्टम के जरिए उपलब्ध रहेगी।