बाड़मेर में फिर बढ़ी गर्मी की मार: 42 डिग्री के पार पहुंचा पारा, आंधी-बारिश के बाद उमस ने बढ़ाई परेशानी
बाड़मेर में आंधी और बारिश के बाद मौसम फिर से गर्म हो गया है। जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है।
बाड़मेर जिले में दो दिन पहले आई तेज आंधी और बारिश के बाद लोगों को मिली राहत अब खत्म होती नजर आ रही है। मौसम साफ होने के साथ ही एक बार फिर गर्मी और उमस ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान किसी बड़े मौसम बदलाव या अलर्ट की संभावना नहीं जताई है।
सुबह से तेज धूप और बढ़ी उमस
गुरुवार सुबह से ही बाड़मेर में तेज धूप का असर देखने को मिला। बीच-बीच में हवाएं चलने के बावजूद वातावरण में नमी बनी रहने से उमस का स्तर बढ़ गया है। दोपहर के समय गर्म हवाओं और बढ़ती नमी के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बाजारों और सड़कों पर भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है।
जून की शुरुआत में आया था भीषण तूफान
जून महीने की शुरुआत बाड़मेर में आंधी, तूफान और बारिश के साथ हुई थी। 1 जून की रात आए तेज तूफान ने जिले में व्यापक तबाही मचाई थी। इस प्राकृतिक आपदा में दो मासूम बच्चों की जान चली गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। तेज हवाओं के कारण बड़ी संख्या में पेड़ उखड़ गए और बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी।