टीवी स्टार्स पूजा बनर्जी-कुणाल वर्मा पर किडनैपिंग और उगाही का सनसनीखेज आरोप, पुलिस ने दर्ज की FIR
टीवी स्टार्स पूजा बनर्जी और कुणाल वर्मा पर गोवा में प्रोड्यूसर श्याम सुंदर डे को किडनैप करने और 23 लाख रुपये ऐंठने का आरोप; पुलिस जांच कर रही है।
टीवी इंडस्ट्री के मशहूर जोड़े पूजा बनर्जी और कुणाल वर्मा इन दिनों विवादों के घेरे में हैं। इस स्टार कपल पर किडनैपिंग और पैसे ऐंठने जैसे संगीन आरोप लगे हैं, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। गोवा की कलांगुट पुलिस ने पूजा बनर्जी (जो पूजा बोस के नाम से भी जानी जाती हैं), कुणाल वर्मा, पीयूष कोठारी और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। इन पर कोलकाता के एक टीवी प्रोड्यूसर श्याम सुंदर डे को किडनैप करने और 23 लाख रुपये की उगाही करने का आरोप है।
शिकायत कोलकाता की मालविका डे ने दर्ज कराई है, जो श्याम सुंदर डे की पत्नी हैं। मालविका के अनुसार, उनके पति को 31 मई से 4 जून के बीच किडनैप किया गया और उनसे जबरन पैसे वसूले गए। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने श्याम सुंदर डे को तब रोका, जब वे अपने साथियों के साथ एक किराए की गाड़ी में यात्रा कर रहे थे। आरोप है कि उन्हें जबरदस्ती गाड़ी से उतारा गया और किडनैप कर लिया गया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि श्याम सुंदर को अंजुना के एक होटल और सालगांव के एक विला में बंधक बनाकर रखा गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
कलांगुट पुलिस ने गुरुवार को इस मामले में केस दर्ज किया और जांच शुरू कर दी है। इस मामले की जिम्मेदारी सब-इंस्पेक्टर विशाल मांदरेकर को सौंपी गई है। पुलिस इस बात की तहकीकात कर रही है कि क्या वाकई में किडनैपिंग और उगाही की घटना हुई और इसके पीछे कौन-कौन शामिल है।