लखनऊ अग्निकांड में 15 मौतें: SIT जांच शुरू, अवैध बिल्डिंग पर चलेगा बुलडोजर, 4 आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग एवं एनीमेशन सेंटर में लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत हो गई। हादसे की जांच के लिए SIT और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
लखनऊ के अलीगंज इलाके में स्थित एक कोचिंग एवं एनीमेशन सेंटर में लगी भीषण आग ने 15 लोगों की जान ले ली। हादसे के अगले दिन मंगलवार सुबह विशेष जांच दल (SIT) और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। SIT में एडीजी लखनऊ जोन प्रवीण कुमार और अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस इमारत में आग लगी, वहां फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। इमरजेंसी एग्जिट का अभाव था और छत का दरवाजा भी बंद मिला, जिसके कारण कई लोग धुएं और आग के बीच फंस गए। दमकल और राहत टीमों को रेस्क्यू के लिए दीवारें तोड़नी पड़ीं।
पुलिस ने इस मामले में बिल्डिंग मालिक वीरेंद्र शुक्ला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ गैर-इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और 16 अन्य अधिकारियों पर भी कार्रवाई की तैयारी चल रही है।