शांति पूजा के बहाने डार्क वेब पर महिलाओं का सौदा करने वाला ढोंगी तांत्रिक गिरफ्तार
तमिलनाडु के सेलम (Salem) में पुलिस ने एक ऐसे ढोंगी तांत्रिक को गिरफ्तार किया है, जो तंत्र-मंत्र और पूजा के नाम पर महिलाओं और नाबालिग बच्चियों को नशीला प्रसाद देकर उनके आपत्तिजनक वीडियो बनाता था। आरोपी इन वीडियो को पैसों के लिए डार्क वेब पर बेचता था। विनायक चतुर्थी के चंदे के दौरान एक स्कूली छात्रा की सूझबूझ से इस बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ।
तमिलनाडु के सेलम जिले से एक बेहद सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने तंत्र-मंत्र की आड़ में महिलाओं और नाबालिग बच्चियों का यौन शोषण करने वाले एक ढोंगी बाबा को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी इतना शातिर था कि हैवानियत के बाद वह पीड़िताओं के वीडियो को पैसों के लालच में डार्क वेब (Dark Web) पर बेच देता था। पुलिस ने रविवार को इस 50 वर्षीय आरोपी विजयराजा को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
तंत्र-मंत्र के नाम पर बिछाता था जाल
पुलिस के मुताबिक, वाझापाड़ी इलाके में रहने वाला विजयराजा नाम का यह शख्स खुद को तंत्र-मंत्र का बड़ा जानकार बताता था। उसने इलाके में ‘शनीश्वर’ नाम से अपना एक अवैध केंद्र खोल रखा था। अंधविश्वास में फंसकर जो भी महिलाएं या लड़कियां अपनी परेशानियां लेकर उसके पास आती थीं, वह उन्हें अपना शिकार बनाता था। आरोपी उन्हें पूजा-पाठ के दौरान कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला हुआ पानी या प्रसाद खिला देता था और बेहोशी की हालत में उनके अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर लेता था। इसके लिए उसने अपने आश्रम में हिडन कैमरे (Hidden Cameras) छिपा रखे थे।