थार हादसे में घायल 4 साल की खुशबू की मौत; टक्कर के बाद गाड़ी की छत पर मिली थी मासूम
लवर में साढ़े सात महीने पहले तेज रफ्तार थार की टक्कर से घायल हुई 4 साल की बच्ची खुशबू ने गुरुवार रात दम तोड़ दिया।
राजस्थान के अलवर जिले से एक बेहद दर्दनाक और आंखें नम कर देने वाली खबर सामने आ रही है। करीब साढ़े सात महीने पहले एक तेज रफ्तार थार गाड़ी की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुई 4 साल की मासूम बच्ची खुशबू ने गुरुवार रात को दम तोड़ दिया। खुशबू पिछले साढ़े सात महीने से बिस्तर पर थी और जिंदगी की जंग लड़ रही थी। इस खौफनाक हादसे ने पहले ही उसके माता-पिता और भाई समेत परिवार के चार लोगों की जान ले ली थी। खुशबू के निधन के साथ ही इस हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या अब पांच हो गई है।
अचानक तेज चली सांसें और टूट गई आस
पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 9 बजे नांगल खेड़ा स्थित घर पर मासूम खुशबू की सांसें अचानक तेज चलने लगीं। हालत बिगड़ती देख परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि 2 नवंबर 2025 को हुए उस भीषण हादसे के बाद खुशबू लकवाग्रस्त (पैरालाइज्ड) हो गई थी। जयपुर के सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में करीब एक महीने तक चले सघन इलाज के बाद उसे घर लाया गया था। उसे हर महीने जयपुर चेकअप के लिए ले जाया जाता था और घर पर ही दवाइयां दी जा रही थीं, लेकिन अंततः उसे बचाया नहीं जा सका।