बर्थडे की खुशियां मातम में बदलीं: साथ पढ़ने वाली दो सहेलियों की एक साथ उठी अर्थी
अजमेर के बांदनवाड़ा में जन्मदिन मनाकर लौट रहे तीन दोस्तों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाली दो छात्राओं की एक साथ अर्थी उठी तो पूरा गांव गम में डूब गया।
अजमेर जिले के बांदनवाड़ा क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस घर में जन्मदिन की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां कुछ ही घंटों बाद मातम छा गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार दो छात्राओं और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। शुक्रवार को जब दोनों छात्राओं के शव उनके गांव पहुंचे तो माहौल बेहद गमगीन हो गया। परिजनों की चीख-पुकार और ग्रामीणों की नम आंखों ने हर किसी को भावुक कर दिया।
साथ पढ़ीं, साथ सपने देखे और साथ ही हुई अंतिम विदाई
मृतक छात्राएं एक-दूसरे की करीबी सहेलियां थीं। दोनों साथ में कोचिंग जाती थीं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थीं। हादसे के बाद सबसे भावुक कर देने वाला दृश्य तब देखने को मिला, जब दोनों सहेलियों की एक साथ अर्थी उठी।