बाड़मेर में लाखों रुपए के डोडा-पोस्त जब्त, एक आरोपी गिरफ्तार: प्लास्टिक कट्टों में छिपी मिली ड्रग्स, पूछताछ जारी
बाड़मेर के चौहटन थाना पुलिस ने नशा मुक्त अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 38 किलो 370 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
बाड़मेर जिले में नशा मुक्त बाड़मेर अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चौहटन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है।
सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई
एसपी चूनाराम जाट ने बताया कि पुलिस मुख्यालय और आईजी जोधपुर रेंज के निर्देशानुसार जिले में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एएसपी नितेश आर्य और डीएसपी जोराम के सुपरविजन में विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि तारातरा मठ गांव में अवैध डोडा-पोस्त की सप्लाई की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
आरोपी गिरफ्तार, भारी मात्रा में बरामदगी
पुलिस ने दबिश के दौरान संदिग्ध निंबाराम पुत्र आदूराम निवासी तारातरा मठ को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 38 किलो 370 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया गया। इस बड़ी बरामदगी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।