'सफेद जहर' के साथ रंगे हाथों धरा गया तस्कर, रडार पर कई बड़े चेहरे!
बाड़मेर कोतवाली पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए इंदिरा गांधी सर्किल से 14.86 ग्राम एमडी (ड्रग्स) के साथ श्रवण गोदारा नामक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।
राजस्थान के बाड़मेर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और युवाओं में बढ़ते नशे की लत को रोकने के लिए पुलिस महकमा पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में बाड़मेर कोतवाली पुलिस ने एक अहम कार्रवाई करते हुए शहर के व्यस्ततम इलाके से एक युवक को 14.86 ग्राम अवैध एमडी (MD) ड्रग्स के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एएनटीएफ (ANTF) की सटीक सूचना पर बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, पुलिस को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) से एक गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के इंदिरा गांधी सर्किल के पास एक संदिग्ध युवक मादक पदार्थों की खेप लेकर घूम रहा है। इस इनपुट को गंभीरता से लेते हुए शनिवार रात करीब 9 बजे कोतवाली थानाधिकारी (CI) मनोज कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया।