शादी का झांसा देकर लाया, फिर पार्क में बुलाकर तेजाब फेंक फरार हुआ बॉयफ्रेंड
37 वर्षीय महिला पर उसके कथित बॉयफ्रेंड ने एसिड अटैक कर दिया।
राजधानी जयपुर में एक महिला पर तेजाब फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी का झांसा देकर महिला को जयपुर लाने वाले उसके कथित बॉयफ्रेंड ने ही पार्क में बुलाकर उस पर एसिड अटैक कर दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 37 वर्षीय महिला ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात आरोपी युवक से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी का वादा किया। करीब तीन महीने पहले वह महिला को अपने साथ जयपुर लेकर आया और यहां किराए के मकान में रखकर रहने लगा।
पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों के पास वापस चला गया। जब महिला ने उससे संपर्क करने की कोशिश की तो वह गाली-गलौच करने लगा और जान से मारने की धमकियां देने लगा।