"दिल्ली में दिल दहलाने वाली वारदात: नौ साल की मासूम का रेप और हत्या, सूटकेस में मिला खून से लथपथ शव"
दिल्ली के नेहरू विहार में नौ साल की बच्ची का रेप और हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। अर्धनग्न हालत में सूटकेस में मिली बच्ची की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। आरोपी नौशाद फरार है, पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर छापेमारी शुरू की।
दिल्ली के नेहरू विहार इलाके में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक नौ साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल और अर्धनग्न हालत में एक सूटकेस में मिली। बच्ची के परिवार ने आरोप लगाया कि उसका रेप किया गया और फिर हत्या की कोशिश की गई। पुलिस के अनुसार, बच्ची के पिता उसे अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
परिवार का आरोप, नौशाद ने किया रेप और हत्या परिवार ने कॉलोनी में रहने वाले नौशाद पर रेप और हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से नौशाद फरार है। बच्ची के पिता ने बताया कि शनिवार शाम उनकी बेटी दादी के घर बर्फ देने गई थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। जब उसकी तलाश शुरू की गई, तो पता चला कि वह दादी के घर पहुंची ही नहीं थी। गली में खेल रहे बच्चों ने बताया कि उन्होंने बच्ची को पास के एक फ्लैट में जाते देखा था।
सूटकेस से रिस रहा था खून परिजनों ने जब उस फ्लैट पर जाकर देखा, तो वहां ताला लगा था। ताला तोड़कर अंदर जाने पर एक सूटकेस मिला, जिसमें से खून रिस रहा था। सूटकेस खोलने पर बच्ची बेहोशी की हालत में मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।