दादा ने की 9 साल की पोती की हत्या, शव बक्से में छुपाया , दो दिन तक परिजनों को देता रहा झूठा दिलासा
ताला खोलते ही पूरे घर में तेज बदबू फैली हुई थी। पुलिस ने जब बक्सा खोला तो उसमें बोरी में लपेटा हुआ बच्ची का शव बरामद हुआ।
हनुमानगढ़ के टाउन थाना क्षेत्र में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। एक 26 वर्षीय युवक, जो रिश्ते में मृतका का दादा था, ने 9 साल की मासूम बच्ची की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को घर में रखे बक्से में छुपा दिया। पुलिस को आशंका है कि बच्ची के साथ दरिंदगी भी की गई हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी।
दो दिन तक लापता थी मासूम, परिजनों को थी अनहोनी की आशंका
बच्ची के पिता ने शनिवार रात टाउन थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी शाम करीब 7 बजे पड़ोस में रहने वाले मामा के घर गई थी। मामा के घर पर कोई नहीं मिलने पर वह वापस लौट रही थी, लेकिन घर नहीं पहुंची। परिजनों ने बच्ची की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस बीच, आरोपी रिश्तेदार परिजनों को झूठा दिलासा देता रहा कि बच्ची जल्द मिल जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज से भी नहीं मिला सुराग, पुलिस को हुआ शक
पुलिस ने बच्ची की तलाश में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। रविवार शाम करीब 5 बजे पुलिस की टीम बच्ची की तलाश में आरोपी के घर पहुंची। वहां ताला लगा देखकर पुलिस को शक हुआ, क्योंकि आरोपी ने दावा किया था कि वह घर पर ही था। पुलिस ने आसपास पूछताछ शुरू की तो पता चला कि यह घर बच्ची के पिता के मामा का है।