जालोर होटल में हंगामा: नाबालिग लड़की और युवक हिरासत में, हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने संभाली स्थिति
जालोर शहर के एक होटल में युवक और नाबालिग लड़की के मिलने की सूचना पर हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया, लड़की को परिजनों को सौंप दिया गया जबकि युवक को धारा 151 में गिरफ्तार किया गया है।
राजस्थान के जालोर शहर में शनिवार देर रात एक होटल में युवक और नाबालिग लड़की के मिलने की सूचना पर बड़ा हंगामा हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और होटल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद इलाके में भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
होटल के बाहर प्रदर्शन से बढ़ा तनाव
सूचना मिलने पर बजरंग दल सहित अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता होटल के बाहर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्रित हो गए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
पुलिस ने कमरे से युवक और नाबालिग को लिया हिरासत में
पुलिस ने होटल के कमरे में पहुंचकर एक युवक और एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लिया। प्रारंभिक जांच के बाद दोनों को थाने ले जाया गया। थानाधिकारी के अनुसार, मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया।