18 साल से फरार 10 हजार का इनामी बदमाश दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार, IPS और SHO के साथ वीडियो बनाकर जमाता था धाक
जयपुर वेस्ट पुलिस ने 18 साल से फरार और 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी राकेश कुमार जांगिड़ को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया।
जयपुर वेस्ट पुलिस ने 18 साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी राकेश कुमार जांगिड़ (48) को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 25 जून को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) भागने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर उसे एयरपोर्ट से ही दबोच लिया।
इस गिरफ्तारी के बाद एक चौंकाने वाला तथ्य भी सामने आया है। जिस आरोपी को पुलिस पिछले 18 वर्षों से फरार बता रही थी, वही कुछ महीने पहले आईपीएस अधिकारी किशन सहाय और तत्कालीन मानसरोवर थानाधिकारी लाखन सिंह के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर रहा था। इन वीडियो के जरिए वह खुद को प्रभावशाली और पुलिस से करीबी रखने वाला व्यक्ति बताने की कोशिश करता था।
2008-09 के चार मामलों में था फरार
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2008 और 2009 में सदर थाने में चार अलग-अलग मुकदमे दर्ज हुए थे। इन मामलों में विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपए की ठगी करने के आरोप हैं। पीड़ितों को न विदेश भेजा गया और न ही उनकी रकम वापस की गई।