जयपुर में बेटे ने मां की चाकू मारकर हत्या: मौत से पहले भांजे को किया था फोन- 'अनिल मुझे मार डालेगा'
जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय महिला की कथित तौर पर उसके छोटे बेटे ने चाकू मारकर हत्या कर दी।
राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र के बुंदू विहार इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 55 वर्षीय पन्नी देवी की कथित तौर पर उनके छोटे बेटे अनिल ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
एडिशनल डीसीपी (ईस्ट) आलोक सिंघल के अनुसार, मृतका पन्नी देवी मूल रूप से गंगापुर सिटी की रहने वाली थीं और अपने तीन बेटों तेजराम बैरवा, हरकेश बैरवा और अनिल के साथ बुंदू विहार में किराए के मकान में रहती थीं। शनिवार सुबह दोनों बड़े बेटे मजदूरी पर चले गए थे। घर में केवल पन्नी देवी और उनका छोटा बेटा अनिल मौजूद थे।
दोपहर करीब 12 बजे अनिल ने कथित तौर पर मां पर चाकू से हमला कर दिया। महिला के माथे और बाईं आंख के नीचे चाकू के गहरे घाव मिले हैं। सिर पर भी किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं। करीब एक बजे महिला का शव घर के बाहर पड़ा मिला, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।