अजमेर में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 18 वर्षीय युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
अजमेर के गेगल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से 18 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई।
राजस्थान के अजमेर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई। गेगल थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी भेजा।
मृतक की पहचान चेतन सिंह रावत (18) निवासी माकड़वाली गांव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, चेतन शनिवार सुबह अपने पिता के कार्यस्थल पर जाने के लिए घर से बाइक पर निकला था। इसी दौरान कायड़ पुलिया के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गेगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।