वीडियो कॉल पर बेटी की विदाई देख पूरी हुई पिता की आखिरी इच्छा, डोली उठते ही थम गईं सांसें
बेटी की शादी में शामिल न हो पाने वाले लालबाबू महतो ने अस्पताल से वीडियो कॉल पर उसकी शादी और विदाई देखी।
हर पिता का सपना होता है कि वह अपनी बेटी को अपने हाथों से विदा करे, लेकिन किस्मत ने लालबाबू महतो के साथ ऐसा दर्दनाक खेल खेला कि उनकी अंतिम इच्छा तो पूरी हो गई, मगर उसी पल उनकी जीवन यात्रा भी समाप्त हो गई। अस्पताल के बिस्तर पर भर्ती लालबाबू महतो ने वीडियो कॉल के जरिए अपनी बेटी निधि कुमारी की शादी और विदाई देखी। विदाई के कुछ ही देर बाद उन्होंने अंतिम सांस ले ली।
शादी से तीन दिन पहले बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के अनुसार, सोनबरसा बस स्टैंड क्षेत्र निवासी लालबाबू महतो लंबे समय तक तुलसी बस में कंडक्टर के रूप में कार्यरत रहे। उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई से परिवार का पालन-पोषण किया। उनकी सबसे छोटी बेटी निधि कुमारी की शादी सीतामढ़ी जिले के मोहनपुर निवासी युवक के साथ तय थी।
शादी से तीन दिन पहले अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उनकी पत्नी मीनू देवी और पुत्र राजेश उनके साथ मौजूद थे।