पेरिस में गूंजेगी राजस्थान की लोक संस्कृति: PM मोदी के सम्मान में ‘Bonjour Modi’ कार्यक्रम में प्रस्तुति देगा धोद बैंड
राजस्थान के प्रसिद्ध लोक कलाकार रहीस भारती और धोद बैंड 18 जून को पेरिस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित ‘Bonjour Modi’ कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे।
राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने जा रही है। राजस्थान के प्रसिद्ध लोक कलाकार रहीस भारती और उनका विश्वविख्यात धोद बैंड फ्रांस की राजधानी पेरिस में 18 जून को आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘Bonjour Modi’ कार्यक्रम में प्रस्तुति देंगे। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में किया जा रहा है, जिसमें भारतीय संस्कृति, प्रवासी भारतीय समुदाय और भारत-फ्रांस संबंधों का उत्सव मनाया जाएगा।
पेरिस के ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित साल प्लेयल (Salle Pleyel) कॉन्सर्ट हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में धोद बैंड राजस्थान की लोक कला, संगीत और नृत्य की रंगारंग झलक पेश करेगा। विशेष बात यह है कि इस प्रस्तुति के लिए धोद बैंड का चयन भारतीय दूतावास, पेरिस द्वारा आधिकारिक रूप से किया गया है, जिसे राजस्थान और भारतीय लोक संस्कृति के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
कार्यक्रम में रहीस भारती तबला वादन के माध्यम से प्रस्तुति का नेतृत्व करेंगे। उनके साथ मोइनुद्दीन खान (गायन एवं हारमोनियम), सुशीला (राजस्थानी लोक नृत्य), जापानी कलाकार कोको आयुमी (राजस्थानी नृत्य), बाबू खान (लोक गायन), अफरीदी भारती (तबला), अब्दुल सत्तार खान एवं सिकंदर मिरासी (ट्रॉम्बोन), अयूब (ट्रम्पेट), मोहम्मद रमजान (डुगा), जाकिर (टैम्बोर), तनवर लाल (अल्फोनियम), इमरान लंगा (करताल एवं गायन) और इकबाल खान (ढोलक) अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे।