असम विमान हादसे में राजस्थान का अग्निवीर शहीद: शादी की तैयारियों के बीच टूटा दुखों का पहाड़, डीडवाना-कुचामन में मातम
असम के जोरहाट एयरबेस पर भारतीय वायुसेना का AN-32 ट्रांसपोर्ट विमान लैंडिंग के दौरान क्रैश हो गया। हादसे में राजस्थान के डीडवाना-कुचामन निवासी अग्निवीर वायु खेमाराम कुमावत समेत 5 जवान शहीद हो गए।
भारतीय वायुसेना का ट्रांसपोर्ट विमान AN-32 असम के जोरहाट एयरबेस पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में राजस्थान के डीडवाना-कुचामन जिले के नावा क्षेत्र के पांचोता गांव निवासी अग्निवीर वायु सैनिक खेमाराम कुमावत (22) समेत कुल 5 जवान शहीद हो गए।
हादसे के बाद वायुसेना ने तत्काल जांच के आदेश देते हुए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी गठित की है, ताकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सके।
लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, विमान नियमित उड़ान से लौट रहा था और जोरहाट स्थित रौरिया एयरबेस पर लैंडिंग के समय अचानक उसमें आग लग गई, जिसके बाद वह क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी जवानों की जान चली गई।