NEET परीक्षा 2026 रद्द, 22 लाख छात्रों ने दिया था एग्जाम अब पेपर लीक मामले की होगी CBI जांच
NTA ने 3 मई को हुई NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। राजस्थान से सामने आए पेपर लीक विवाद और 600 नंबर के सवाल मैच होने के दावों के बाद यह बड़ा फैसला लिया गया। अब मामले की जांच CBI करेगी और परीक्षा दोबारा आयोजित होगी।
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा को आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया है। इस फैसले से करीब 22 लाख छात्रों पर सीधा असर पड़ा है, जिन्होंने इस साल मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए परीक्षा दी थी।
NTA ने बताया कि यह निर्णय केंद्र सरकार की मंजूरी और केंद्रीय जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर लिया गया है। एजेंसी का कहना है कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए परीक्षा रद्द करना जरूरी हो गया था।
दरअसल, राजस्थान के सीकर समेत कई राज्यों में यह दावा किया गया था कि एक ‘गेस पेपर’ के करीब 125 सवाल असली NEET पेपर से हूबहू मैच कर रहे थे। जांच के दौरान सामने आया कि 720 में से लगभग 600 नंबर के सवाल लीक होने की आशंका है। इसके बाद परीक्षा की गोपनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।