जयपुर में ‘लुटेरी दुल्हन’ का खेल: शादी के 3 दिन बाद गहने और नकदी लेकर फरार, दूल्हे ने दर्ज कराई FIR
जयपुर के चौमूं क्षेत्र में शादी के कुछ ही दिनों बाद एक कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ द्वारा सोने के गहने और 50 हजार रुपए नकद लेकर फरार होने का मामला सामने आया है।
राजस्थान की राजधानी जयपुर के चौमूं क्षेत्र में एक कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ का मामला सामने आया है। यहां शादी के कुछ ही दिनों बाद नई नवेली दुल्हन द्वारा सोने के गहने और नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित दूल्हे की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित युवक चौमूं का निवासी है और एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। उसी कंपनी में आरोपी युवती ग्राफिक डिजाइनर के रूप में काम करती थी। दोनों की मुलाकात नौकरी के दौरान हुई और धीरे-धीरे दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।
रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2024 से एक ही कंपनी में कार्यरत रहने के कारण दोनों के बीच नियमित बातचीत होने लगी। समय के साथ दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। युवक का आरोप है कि युवती ने ही शादी का प्रस्ताव रखा था। परिवारों की सहमति मिलने के बाद 8 मई को दोनों ने विवाह कर लिया।