IPL मैच बिना दर्शकों के कराने की मांग: CTI ने लिखा खेल मंत्री को पत्र, लाखों लीटर ईंधन बचाने का दावा
दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने IPL मुकाबलों को बिना दर्शकों के कराने और टीमों की यात्रा सीमित करने की मांग की है। संगठन का दावा है कि इससे लाखों लीटर पेट्रोल-डीजल और एविएशन फ्यूल की बचत हो सकती है। इस संबंध में खेल मंत्री को पत्र लिखा गया है।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के मौजूदा सीजन को लेकर एक नई बहस शुरू हो गई है। दिल्ली के प्रमुख व्यापारिक संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने मांग की है कि IPL के बचे हुए मुकाबले बिना दर्शकों के कराए जाएं और टीमों की यात्रा को सीमित किया जाए, ताकि देश में ईंधन की खपत को कम किया जा सके।
CTI का दावा है कि अगर यह कदम उठाया जाता है तो लाखों लीटर पेट्रोल, डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बचत की जा सकती है।
खेल मंत्री को लिखा गया पत्र
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया को इस संबंध में पत्र लिखा है। पत्र में मांग की गई है कि IPL के शेष मैचों का नया शेड्यूल तैयार किया जाए और उन्हें सीमित स्थानों पर आयोजित किया जाए। साथ ही यह भी सुझाव दिया गया है कि मैचों को बिना दर्शकों के कराया जाए, जिससे स्टेडियम तक आने-जाने वाले हजारों लोगों के कारण होने वाली ईंधन खपत को रोका जा सके।