प्रेमिका से मिलने की मिली खौफनाक सजा, भाई ने दोस्तों संग मिलकर प्रेमी को बनाया बंधक, फिर बरसाए डंडे
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में प्रेम प्रसंग से जुड़ा सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को कथित तौर पर युवती के भाई और उसके साथियों ने अगवा कर कमरे में बंधक बना लिया और बेरहमी से पीटा।
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के नागफनी थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक युवक को अपनी प्रेमिका से मिलने के बाद कथित तौर पर अगवा कर लिया गया और उसे एक कमरे में बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुकान पर मिलने पहुंची थी युवती
जानकारी के अनुसार बिलारी थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला युवक डेकोरेशन का काम करता है। उसका नवाबपुरा क्षेत्र की एक युवती से प्रेम संबंध बताया जा रहा है। 2 जून की दोपहर करीब ढाई बजे युवती अपने प्रेमी से मिलने उसकी दुकान पर पहुंची थी।
कुछ देर बातचीत के बाद दोनों ताजपुर चौराहे के पास खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान युवती का भाई वहां पहुंच गया और उसने दोनों को साथ देख लिया। इसके बाद मौके पर विवाद की स्थिति बन गई।