राहुल गांधी को 'अबोध बालक' कहने पर भड़कीं प्रियंका गांधी वाड्रा, सरकार पर साधा निशाना
राज्यसभा में जेपी नड्डा ने राहुल गांधी को 'अबोध बालक' कहकर निशाना साधा, जिस पर प्रियंका गांधी वाड्रा भड़क गईं और कहा कि यह बात करने का कौनसा तरीका है? उन्होंने सरकार पर सवाल उठाए कि क्या वे राहुल के बोलने से डर रहे हैं, एपस्टीन फाइल्स या भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर सवालों से? प्रियंका ने डील को किसानों के खिलाफ बताया, जबकि सरकार ने इसका बचाव किया। संसद में हंगामा जारी है।
नई दिल्ली: संसद के बजट सत्र में राजनीतिक तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्यसभा में गुरुवार, 5 फरवरी 2026 को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और बीजेपी नेता जेपी नड्डा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से बहस के दौरान एक तीखी टिप्पणी की, जिसने सदन में हंगामा मचा दिया। नड्डा ने बिना नाम लिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को इंगित करते हुए कहा, "अपनी पार्टी को 'अबोध बालक' का बंधक मत बनाइए।" उन्होंने खड़गे की वरिष्ठता का जिक्र करते हुए कहा कि वे इतने अनुभवी हैं कि पार्टी को किसी "अबोध बालक" (निर्दोष या अनुभवहीन बच्चे) के कब्जे में नहीं होने देना चाहिए। इस टिप्पणी के बाद सदन में विपक्षी सांसदों ने जोरदार विरोध जताया और हंगामा हो गया।
प्रियंका गांधी का गुस्से भरा पलटवार
राहुल गांधी की बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा इस टिप्पणी पर बुरी तरह भड़क गईं। सदन के बाहर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने तीखे लहजे में कहा, "उन्हें बोलने की अनुमति दी जानी चाहिए। यह बात करने का कौनसा तरीका है? क्या किसी के बारे में बात करने का यही तरीका है? वो किस बात से डर रहे हैं?"