रेल मंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस में गुल हुई थी बिजली, दो दिन बाद गिरी गाज: AEN और इलेक्ट्रीशियन सस्पेंड, XEN को चार्जशीट
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की जयपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिजली गुल होने के मामले में बड़ा एक्शन हुआ है।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिजली गुल होने के मामले में राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के दो दिन बाद शनिवार को 400 केवी ग्रिड सब स्टेशन (GSS) हीरापुरा में कार्यरत सहायक अभियंता (AEN) विपिन वर्मा और इलेक्ट्रीशियन प्रथम बाबू सिंह को निलंबित कर दिया गया। वहीं जयपुर सिटी के अधीक्षण अभियंता (XEN) आर.पी. गुप्ता को चार्जशीट जारी कर जवाब मांगा गया है।
दरअसल, 11 जून को हीरापुरा स्थित 400 केवी जीएसएस में हुई ट्रिपिंग के कारण भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान तीन बार बिजली गुल हो गई थी। करीब 13 मिनट तक कार्यक्रम प्रभावित रहा और मंत्री को अंधेरे में ही मीडिया को संबोधित करना पड़ा। घटना के बाद सरकार और बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने तत्काल जांच के आदेश दिए थे। इसके बाद गठित तीन सदस्यीय जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट निगम को सौंपी। रिपोर्ट में लापरवाही सामने आने पर यह कार्रवाई की गई।