राजस्थान की 2022 व्याख्याता भर्ती परीक्षा:एक और बड़ा खुलासा फरार टॉपर कविता लखेर को SOG ने पकड़ा , 25 लाख में खरीदा पेपर
राजस्थान की 2022 व्याख्याता भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में टॉपर कविता लखेर को SOG ने 17 मई 2025 को जयपुर के वैशाली नगर से गिरफ्तार किया। कविता ने 25 लाख रुपये में प्रश्नपत्र खरीदा और रातभर पढ़कर टॉप रैंक हासिल किया। उसके भाई दीपक लखेर ने पेपर लीक गिरोह से सौदा किया। कविता गिरफ्तारी से बचने के लिए कई शहरों में छिपती रही। कोर्ट ने उसे तीन दिन की रिमांड पर भेजा है। SOG को पूछताछ में और खुलासों की उम्मीद है। यह मामला भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार और पेपर लीक नेटवर्क को उजागर करता है।
जयपुर:राजस्थान की व्याख्याता भर्ती परीक्षा 2022 में पेपर लीक मामले ने एक बार फिर सुर्खियां बटोरी हैं। विशेष कार्य बल (SOG) ने फरार टॉपर कविता लखेर को 17 मई 2025 को जयपुर के वैशाली नगर से धर दबोचा। कविता, जिसने अर्थशास्त्र विषय में पहला स्थान हासिल किया था, पर 25 लाख रुपये में प्रश्नपत्र खरीदने का गंभीर आरोप है। इस खुलासे ने राजस्थान की भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर फिर सवाल उठाए हैं।कविता लखेर ब्यावर के जालिया प्रथम ब्लॉक जवाजा में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अर्थशास्त्र की लेक्चरर है
SOG की जांच में चौंकाने वाला तथ्य सामने आया कि कविता ने अपने भाई दीपक लखेर के जरिए पेपर लीक गिरोह से संपर्क किया। दीपक ने ओमप्रकाश गुर्जर से 25 लाख रुपये में पेपर खरीदा, जिसमें 12 लाख रुपये परीक्षा से पहले और 13 लाख रुपये चयन के बाद दिए गए। इसके लिए कविता ने अपना एक प्लॉट तक बेच दिया। 15-16 अक्टूबर 2022 को हुई इस परीक्षा से एक रात पहले कविता को जयपुर में पेपर मिला, जिसे पढ़कर उसने रातभर तैयारी की और टॉप रैंक हासिल कर लिया।
परीक्षा केंद्र पर कविता की असामान्य तेजी और जल्दी पहुंचने ने अधिकारियों का ध्यान खींचा। पूछताछ में कविता ने कबूल किया कि वह पहले कई प्रतियोगी परीक्षाओं में असफल रही थी, लेकिन इस बार पहले से मिले पेपर की वजह से मेरिट में आई। SOG ने बताया कि कविता गिरफ्तारी से बचने के लिए माउंट आबू, जोधपुर, और जयपुर के सांगानेर, मुथारा गेट, टोंक रोड जैसे इलाकों में ठिकाने बदलती रही। आखिरकार, SOG की कड़ी निगरानी के बाद उसे वैशाली नगर से पकड़ा गया।