शाम को खेलने निकला था 9 साल का मासूम, 5 घंटे की तलाश के बाद रात को कुएं में तैरता मिला शव
राजस्थान के भरतपुर के सेवर थाना इलाके के मलाह गांव में गुरुवार शाम से लापता 9 वर्षीय मासूम गुड्डा का शव घर से 3 किलोमीटर दूर एक कुएं में मिला।
राजस्थान के भरतपुर जिले के सेवर थाना इलाके से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां मलाह गांव में गुरुवार शाम को खेलने निकला एक 9 साल का मासूम बच्चा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत और तलाश के बाद रात करीब 11 बजे मासूम का शव घर से 3 किलोमीटर दूर एक सूने कुएं में मिला। इस घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार और पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है।
शाम को खेलने निकला था मासूम, रात तक नहीं लौटा
मलाह गांव के निवासी रविकांत ने बताया कि उनका 9 वर्षीय बड़ा बेटा गुड्डा गुरुवार शाम करीब 5 बजे रोजाना की तरह घर के बाहर खेलने की बात कहकर निकला था। अमूमन वह शाम ढलने तक घर लौट आता था, लेकिन जब शाम के 7 बज गए और गुड्डा वापस नहीं आया, तो परिजनों को चिंता होने लगी। परिवार के लोगों ने पहले आसपास और उसके दोस्तों के घरों पर उसकी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो पिता रविकांत ने ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
5 घंटे की खोजबीन के बाद कुएं में मिला शव
बच्चे के अचानक गायब होने की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और अलग-अलग टीमें बनाकर गुड्डा की खोजबीन शुरू की गई। करीब 5 घंटे तक गांव और खेतों की खाक छानने के बाद रात करीब 11 बजे कुछ ग्रामीण घर से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित एक कुएं के पास पहुंचे। जब टॉर्च की रोशनी से कुएं के अंदर देखा गया, तो ग्रामीणों के पैरों तले जमीन खिसक गई। कुएं के पानी में गुड्डा का शव तैर रहा था।