चार्जिंग मोबाइल के पास रखी पेट्रोल बोतल बनी जानलेवा: अलवर में धमाके से युवक 60% झुलसा, अस्पताल में भर्ती
अलवर के नौगावा में चार्जिंग मोबाइल के पास पेट्रोल की बोतल रखने से धमाका हो गया, जिसमें 22 वर्षीय युवक 60 प्रतिशत तक झुलस गया। उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा मोबाइल चार्जिंग के दौरान स्पार्किंग से हुआ बताया जा रहा है।
अलवर जिले के नौगावा कस्बे में लापरवाही एक बड़े हादसे का कारण बन गई। चार्जिंग पर लगे मोबाइल फोन के पास पेट्रोल से भरी बोतल रखने से अचानक विस्फोट हो गया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। घायल युवक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
नौगावा निवासी 22 वर्षीय पंकज जाटव शनिवार रात करीब 9 बजे अपने घर पर खाना खा रहा था। इसी दौरान वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी कर रहा था और उसका मोबाइल चार्जिंग पर लगा हुआ था। पास में ही पेट्रोल से भरी एक बोतल रखी हुई थी।