बाड़मेर में संविदा नर्सिंगकर्मियों के समर्थन में उतरे कांग्रेस जिला अध्यक्ष, बहाली की मांग
बाड़मेर में चल रहे संविदा नर्सिंगकर्मियों के आंदोलन को कांग्रेस का समर्थन मिला है। जिला अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा ने सरकार से नर्सिंगकर्मियों की मांगें मानने, उन्हें पुनः बहाल करने और दिवंगत दीपक खारवाल के परिवार को सहायता देने की मांग की है।
बाड़मेर जिले में संविदा नर्सिंगकर्मियों का आंदोलन लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। इसी बीच कांग्रेस जिला अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह गोदारा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर आंदोलनरत नर्सिंगकर्मियों का समर्थन किया है। उनके बयान के बाद इस आंदोलन को राजनीतिक समर्थन मिलने की चर्चा भी तेज हो गई है।
लक्ष्मण सिंह गोदारा ने अपने पोस्ट में कहा कि पिछले कई दिनों से बाड़मेर जिले में संविदा नर्सिंगकर्मी अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने राज्य सरकार और प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि हठधर्मिता छोड़कर प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और संविदा नर्सिंगकर्मियों की पीड़ा को समझना चाहिए।
गोदारा ने कहा कि वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे संविदा नर्सिंगकर्मियों को अचानक हटाने का निर्णय हजारों परिवारों की आजीविका पर संकट खड़ा कर रहा है। ऐसे में सरकार को मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तत्काल प्रभाव से संविदा नर्सिंगकर्मियों को पुनः बहाल करना चाहिए।