जोधपुर में गर्मी से मिलेगी राहत! आज से आंधी-बारिश का अलर्ट, फिर 42 डिग्री तक पहुंचेगा पारा
जोधपुर में भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 13 से 15 जून तक हल्की बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है।
जोधपुर। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने जोधपुर और आसपास के क्षेत्रों में 13 से 15 जून तक हल्की बारिश और आंधी की संभावना जताई है। मौसम में इस बदलाव से तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है और लोगों को कुछ दिनों के लिए गर्मी से राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार शाम या रात से मौसम का मिजाज बदल सकता है। अगले तीन दिनों तक तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके चलते दिन और रात के तापमान में कमी दर्ज की जा सकती है।
हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली है। मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार 15 जून के बाद एक बार फिर गर्मी का दौर शुरू हो जाएगा, जो चार से पांच दिनों तक जारी रह सकता है। इस दौरान तापमान तेजी से बढ़ेगा और जोधपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।