राजस्थान में मानसून का यू-टर्न: एक तरफ गंगानगर में भयंकर गर्मी, तो इन 11 जिलों में झमाझम बारिश का अलर्ट!
राजस्थान के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे पूर्वी राजस्थान (जयपुर, भरतपुर) में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।पश्चिमी राजस्थान (जोधपुर, बीकानेर) में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, हालांकि श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ जैसे कुछ उत्तरी इलाकों में स्थानीय बारिश हो सकती है। प्रदेश के तापमान में भारी उतार-चढ़ाव जारी है; जहाँ श्रीगंगानगर (39.4°C) सबसे गर्म रहा, वहीं माउंट आबू (23.7°C) सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया।
राजस्थान में मानसून एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 11 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बारिश का यह दौर अगले दो दिनों तक जारी रहने की संभावना है, जिससे कई इलाकों में लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है।
पूर्वी राजस्थान में सिस्टम सक्रिय, पश्चिमी में सुस्त
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर होकर 'वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया' में बदल गया है। यह सिस्टम फिलहाल उत्तर-पूर्वी राजस्थान के आसपास है, जिसके प्रभाव से जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।