जयपुर में नई ई-बस बीच रास्ते हुई बंद: गेट लॉक होने से 30 यात्री फंसे, मचा हड़कंप
जयपुर में हाल ही में शुरू हुई नई इलेक्ट्रिक बस मंगलवार सुबह टोंक रोड पर अचानक बंद हो गई। पैनिक बटन सक्रिय होने से बस के गेट लॉक हो गए और करीब 25 से 30 यात्री अंदर फंस गए
राजधानी जयपुर में हाल ही में शुरू की गई नई इलेक्ट्रिक बसों में से एक बस मंगलवार सुबह तकनीकी गड़बड़ी का शिकार हो गई। टोंक रोड स्थित कुंभा मार्ग के पास चलते-चलते बस अचानक बंद हो गई और उसके सभी गेट ऑटो लॉक हो गए। बस में सवार करीब 25 से 30 यात्री अंदर फंस गए, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। बस के अचानक रुकने के बाद उसमें तेज सायरन बजने लगा। गेट लॉक होने और सायरन की आवाज से यात्री घबरा गए। कुछ समय के लिए बस के अंदर दम घुटने जैसी स्थिति बन गई। शुरुआत में ड्राइवर को भी समझ नहीं आया कि आखिर बस में क्या खराबी आई है।
काफी प्रयासों के बाद ड्राइवर की ओर स्थित इमरजेंसी गेट को खोला गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में मौके पर पहुंचे मैकेनिक ने तकनीकी जांच कर समस्या का समाधान किया और करीब आधे घंटे बाद बस को दोबारा रवाना किया गया।