बीकानेर PBM हॉस्पिटल में NSUI कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की... प्रसूताओं की मौत को लेकर बढ़ा विरोध
बीकानेर के पीबीएम हॉस्पिटल में प्रसूताओं की मौत और स्वास्थ्य सेवाओं में कथित लापरवाही के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
राजस्थान के बीकानेर स्थित सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से संबद्ध पीबीएम हॉस्पिटल में शनिवार को उस समय तनावपूर्ण माहौल बन गया, जब प्रसूताओं की मौत और अस्पताल की कथित अव्यवस्थाओं के विरोध में एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रित किया।
एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा के नेतृत्व में दोपहर करीब 12 बजे शहर में विरोध रैली निकाली गई। रैली अस्पताल पहुंची, जहां कार्यकर्ता जूतों की माला लेकर अस्पताल अधीक्षक डॉ. बीसी घीया के कार्यालय की ओर बढ़े। पहले से तैनात पुलिस बल ने मुख्य प्रवेश द्वार पर उन्हें रोक दिया।
प्रदर्शनकारी अधीक्षक कार्यालय के भीतर जाने की जिद पर अड़ गए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और प्रदर्शनकारियों को कार्यालय परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।