सड़क पर अचानक आई गाय बनी काल, पिकअप खाई में गिरने से प्याज व्यापारी की दर्दनाक मौत
सड़क पर अचानक गाय आने से पिकअप वाहन खाई में गिर गया, जिससे प्याज व्यापारी दीपाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बालोतरा जिले के गुड़ामालानी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सड़क पर अचानक गाय आने से एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिसमें दबने से 28 वर्षीय प्याज व्यापारी दीपाराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी मामूली रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार डाबड़ गांव निवासी दीपाराम पुत्र भीखाराम अपने साथी प्रकाश के साथ पिकअप वाहन में सवार होकर गुड़ामालानी से गांधव की ओर जा रहा था। सुबह के समय जब वे ढीबड़ी स्थित आलमजी मंदिर के पास पहुंचे, तभी अचानक एक गाय सड़क पर आ गई। चालक ने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन नियंत्रण खो बैठा और पिकअप पलटकर सड़क किनारे करीब 5 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा इतना गंभीर था कि दीपाराम वाहन के नीचे दब गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उसके साथ मौजूद प्रकाश को हल्की चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया।