पाली शहर में आवारा मवेशियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। शहर के सुभाष नगर इलाके में मंदिर दर्शन के लिए घर से निकली 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर एक आवारा सांड ने पीछे से अचानक हमला कर दिया। सांड ने महिला को अपने सींगों से करीब 4 फीट तक हवा में उछाल दिया, जिससे वह सड़क पर जोर से गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। इस पूरी घटना का सीसीटीवी वीडियो अब सामने आया है, जिसे देखकर लोग दहशत में हैं।
मंदिर जाते समय पीछे से किया हमला
घटना 3 जुलाई की सुबह करीब 9:45 बजे पाली के सुभाष नगर इलाके में हुई। घायल महिला शांति देवी (65) रोज की तरह घर से कुछ ही दूरी पर स्थित शिव मंदिर में दर्शन करने के लिए निकली थीं। तभी रास्ते में एक आवारा सांड ने पीछे से उन पर हमला कर दिया।
सांड ने महिला को अपने सींगों से जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह करीब 4 फीट ऊपर हवा में उछल गईं और सड़क पर गिर पड़ीं। हादसे के दौरान महिला की लूगड़ी भी सांड के सींगों में उलझ गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दौड़कर सांड को भगाया और घायल महिला को संभाला।
सिर में आए 8 टांके, 9 पसलियां हुईं क्रैक
महिला के बेटे हरीश प्रजापत ने बताया कि हादसे में उनकी मां के सिर और पसलियों में गंभीर चोटें आई हैं। पहले उन्हें पाली के बांगड़ हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन वहां अधिक भीड़ होने के कारण इलाज में देरी हो रही थी। इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जोधपुर रेफर कर दिया गया।
फिलहाल शांति देवी का इलाज जोधपुर के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके सिर में गहरी चोट आई है, जिस पर 8 से 9 टांके लगाए गए हैं। एक्स-रे जांच में उनकी 9 पसलियां क्रैक होने की पुष्टि हुई है। हालांकि परिजनों का कहना है कि अब उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
CCTV वीडियो ने बढ़ाई चिंता
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद शहर में आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि महिला सामान्य रूप से सड़क पर चल रही थीं, तभी पीछे से आए सांड ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से आसपास मौजूद लोग भी घबरा गए।
नगर निगम पर लापरवाही का आरोप
घायल महिला के बेटे हरीश प्रजापत ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शहर में लंबे समय से आवारा मवेशियों का आतंक बना हुआ है। पहले भी कई लोग इनके हमलों में घायल हो चुके हैं और कुछ लोगों की जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
लोगों ने उठाई कार्रवाई की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है। लोगों का कहना है कि शहर की सड़कों और गलियों में बड़ी संख्या में आवारा सांड और अन्य मवेशी घूमते रहते हैं, जिससे हर समय हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासियों और परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा मवेशियों को तत्काल पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए और शहर की सड़कों को आम लोगों के लिए सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।