राजसमंद की पसुन्द पंचायत का बढ़ा मान: सरपंच अयन जोशी को राज्य वित्त आयोग की बैठक में मिला न्योता
राजसमंद जिले की पसुन्द ग्राम पंचायत के सरपंच अयन जोशी को राजस्थान सप्तम राज्य वित्त आयोग की बैठक में शामिल होने का आमंत्रण मिला है।
राजसमंद जिले की पसुन्द ग्राम पंचायत के लिए गर्व की बात है कि सरपंच अयन जोशी को राजस्थान सप्तम राज्य वित्त आयोग (फाइनेंस कमीशन) की महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने का न्योता मिला है। यह बैठक 16 जून 2026 को जयपुर स्थित शासन सचिवालय में आयोजित होगी, जिसमें पंचायत राज संस्थाओं की आर्थिक व्यवस्था, विकास कार्यों और प्रशासनिक सुधारों पर चर्चा की जाएगी।
राज्य वित्त आयोग के सदस्य सचिव की ओर से जारी पत्र के अनुसार बैठक में पंचायतों के विकास मॉडल, वित्तीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और जनभागीदारी को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। सरपंच अयन जोशी को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है ताकि वे अपनी पंचायत के अनुभव और सुझाव आयोग के समक्ष रख सकें।
विकास कार्यों से बनी अलग पहचान
पसुन्द ग्राम पंचायत ने पिछले वर्षों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनसुविधाओं के विस्तार और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। पंचायत स्तर पर किए गए नवाचारों और जनहित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के कारण पंचायत की पहचान राज्य स्तर तक पहुंची है।