सीकर में NEET की तैयारी कर रहे छात्र ने की आत्महत्या, परिवार ने बेटे के सपनों के लिए लगा दी थी पूरी जमा पूंजी
सीकर में NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे 22 वर्षीय छात्र प्रदीप मेघवाल ने किराए के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
राजस्थान के सीकर शहर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। NEET परीक्षा की तैयारी कर रहे एक छात्र ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक छात्र की पहचान झुंझुनू जिले के गुड्डा गोडजी निवासी प्रदीप पुत्र राजेश कुमार मेघवाल के रूप में हुई है। प्रदीप सीकर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रहा था। उसकी उम्र करीब 22 वर्ष बताई जा रही है।
तीन साल से कर रहा था मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी
जानकारी के अनुसार प्रदीप पिछले करीब तीन वर्षों से मेडिकल कॉलेज में प्रवेश पाने के लिए लगातार मेहनत कर रहा था। वह सीकर के गुरु कृपा कोचिंग इंस्टिट्यूट में कोचिंग ले रहा था और अपने भाई-बहनों के साथ किराए के मकान में रहता था। परिजनों ने बताया कि वह हाल ही में घर से वापस सीकर लौटा था।