तंत्र-मंत्र के नाम पर मर्डर मिस्ट्री: 40 लाख बरामद, परिवार शक के घेरे में
बीकानेर के खाजूवाला में तंत्र-मंत्र के नाम पर 50 लाख की लूट और गफ्फार, शैतान सिंह, विक्रम सिंह की हत्या का मामला। पुलिस ने मृतक के दामाद मुश्ताक को गिरफ्तार किया, सलमान की कार से 40 लाख बरामद। सबूतों से छेड़छाड़ का शक। कर्ज से मुक्ति के लिए तांत्रिक क्रिया में गफ्फार की मौत। पुलिस जांच रही है कि आरोपी शिवा असली है या काल्पनिक। रामस्वरूप और मनोज हिरासत में, पूछताछ बाकी।
बीकानेर के खाजूवाला में तंत्र-मंत्र के नाम पर हुई हत्या और 50 लाख रुपये की लूट के मामले में जांच ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस को पीड़िता के परिवार पर ही शक गहरा गया है। मृतक गफ्फार के दामाद मुश्ताक (25) को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मृतक के बेटे सलमान की कार से 40 लाख रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस को आशंका है कि सबूतों के साथ भी छेड़छाड़ की गई है।
हत्याओं का खुलासा
इस मामले में खाजूवाला निवासी गफ्फार, तांत्रिक के साथी शैतान सिंह और विक्रम सिंह की हत्या हुई थी। सोमवार को एएसपी ग्रामीण कैलाश सिंह सांदू ने खाजूवाला पहुंचकर जांच को तेज किया। इसके बाद मृतक गफ्फार के दामाद मुश्ताक, पुत्र अब्दुल रहमान, निवासी बेरियांवाली, को गिरफ्तार किया गया। मुश्ताक पर फरार आरोपी को भगाने और सबूत छिपाने का शक है। उसने दो मोबाइल फोन छिपाए थे, जिनमें इस केस से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। घटना के बाद वह पुलिस के सामने आता-जाता रहा, लेकिन कोई जानकारी नहीं दी।