SP बंगले के सामने दिनदहाड़े युवती का अपहरण,स्कॉर्पियो सवार बदमाश फरार.
भीलवाड़ा में एसपी के सरकारी आवास के सामने दिनदहाड़े एक युवती का अपहरण कर लिया गया। ब्लैक स्कॉर्पियो में आए बदमाश युवती को जबरन गाड़ी में डालकर फरार हो गए। पुलिसकर्मियों ने रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी उन्हें कुचलने का प्रयास करते हुए भाग निकले। घटना के बाद शहर में नाकाबंदी कर जांच शुरू की गई है।
भीलवाड़ा:- राजस्थान के भीलवाड़ा शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के सरकारी आवास के ठीक सामने दिनदहाड़े एक युवती का अपहरण कर लिया गया। घटना इतनी तेजी से हुई कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही बदमाश युवती को जबरन वाहन में डालकर फरार हो गए।
स्कॉर्पियो में आए बदमाश, जबरन गाड़ी में डाला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी अचानक एसपी बंगले के सामने रुकी। उसमें सवार बदमाश नीचे उतरे और सड़क पर मौजूद युवती को पकड़कर घसीटते हुए गाड़ी में डाल दिया। युवती ने खुद को बचाने की कोशिश की और चीख-पुकार भी की, लेकिन बदमाशों ने किसी की नहीं सुनी।