दिनदहाड़े शेयर ट्रेडिंग दुकानदार की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश फरार
बाइक सवार बदमाशों ने शेयर ट्रेडिंग दुकानदार विकास जैन की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे कस्बे में दहशत और व्यापारियों में आक्रोश है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
हनुमानगढ़ जिले के संगरिया कस्बे में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े एक शेयर ट्रेडिंग दुकान में घुसकर दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से कस्बे में दहशत का माहौल है, वहीं व्यापारी समुदाय में गुस्सा और आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
दुकान के अंदर घुसा और विकास जैन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं
यह दिल दहलाने वाली घटना संगरिया के बालाजी इंटरप्राइजेज में सुबह करीब 11:15 बजे हुई। मृतक की पहचान गुरुनानक नगर निवासी विकास जैन (45) के रूप में हुई है, जो पिछले एक दशक से इस दुकान में मुनीम के रूप में काम कर रहे थे। घटना के समय विकास दुकान में अकेले थे, क्योंकि उनका सहायक खाना लेने के लिए घर गया हुआ था।
पुलिस के अनुसार, दो बाइक सवार युवक दुकान के पास पहुंचे। इनमें से एक युवक बाहर खड़ा रहा, जबकि दूसरा दुकान के अंदर घुसा और विकास जैन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। गोली लगने से विकास की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।