15 साल की शादी, 13 साल का बेटा और एक झगड़ा... जिसने छीन ली मां की जिंदगी
राजस्थान के नीमराना के गंडाला गांव में घरेलू विवाद के चलते पति ने गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी और खुद पुलिस को सूचना देकर सरेंडर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राजस्थान के अलवर जिले के नीमराना थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गंडाला गांव निवासी एक युवक ने घरेलू विवाद के बाद अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। आरोपी पति को हिरासत में ले लिया गया है।
हत्या की सूचना खुद दी आरोपी ने
नीमराना थाना अधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि सोमवार दोपहर उन्हें फोन के जरिए सूचना मिली कि गंडाला गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। टीम मौके पर पहुंची तो महिला का शव घर में ही पड़ा मिला। आरोपी पति भूपेश शर्मा को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल की है।
15 साल की शादी, एक बेटा – फिर क्यों टूटा सब कुछ?
जानकारी के अनुसार, मृतका मंजीता शर्मा की शादी करीब 15 साल पहले भूपेश शर्मा से हुई थी। दोनों का 13 वर्षीय बेटा भी है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच बीते कुछ समय से आपसी विवाद चल रहा था। हालांकि, हत्या के पीछे की असल वजह का खुलासा अभी नहीं हो पाया है।