45 लाख की 9 किलो अफीम जब्त, 3 तस्कर गिरफ्तार, संपत्ति कुर्क की कार्रवाई शुरू
श्रीगंगानगर पुलिस ने "ऑपरेशन सीमा संकल्प" के तहत दो कार्रवाइयों में 9 किलो 173 ग्राम अवैध अफीम जब्त कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया, जिनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। अफीम की कीमत 45 लाख 86 हजार रुपये आंकी गई है।
श्रीगंगानगर जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे "ऑपरेशन सीमा संकल्प" ने एक बार फिर अपनी ताकत दिखाई है। जिला पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 9 किलो 173 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर तीन तस्करों को हिरासत में लिया है। इस अफीम की अनुमानित कीमत 45 लाख 86 हजार रुपये आंकी गई है। इन कार्रवाइयों ने नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की सख्ती और संकल्प को और मजबूत किया है।
पहली कार्रवाई: पुरानी आबादी में 6 किलो से अधिक अफीम जब्त
25 अगस्त की रात को पुलिस थाना पुरानी आबादी और जिला विशेष टीम ने संयुक्त रूप से वार्ड नंबर 8 में कब्रिस्तान के पास छापेमारी की। इस दौरान अमनदीप सिंह उर्फ बिल्ला (43) और उसके साले बलदेव सिंह उर्फ देबु (32) को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से 6 किलो 234 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई हनुमानगढ़ पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि अमनदीप और बलदेव मध्यप्रदेश के नीमच से अफीम लाकर श्रीगंगानगर में तस्करी का गोरखधंधा चला रहे थे। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच थाना सदर के प्रभारी सुभाष चंद्र को सौंपी गई है। गौरतलब है कि अमनदीप के खिलाफ पहले भी पुरानी आबादी और कोतवाली थानों में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि बलदेव के खिलाफ 2023 में चोरी का एक मामला दर्ज हो चुका है।