दिनदहाड़े व्यापारी की हत्या का पर्दाफाश, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शूटर गिरफ्तार
पुलिस ने दिनदहाड़े व्यापारी की गोली मारकर हत्या के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर और पंचकुला हत्याकांड का वांछित शामिल है। जांच में आपराधिक फंडिंग और वाहन सप्लाई का खुलासा हुआ।
हनुमानगढ़ के संगरिया में 12 सितंबर को एनसीडीएक्स व्यापारी विकास जैन (48) की गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले बाइक सवार दो मुख्य शूटरों सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का शार्प शूटर है, जबकि एक अन्य आरोपी पंचकुला के सोनू माल्टा हत्याकांड में वांछित है।
2 बजे नरेश ने विकास को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई
बीकानेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) हेमंत शर्मा ने मंगलवार को बताया कि 12 सितंबर को संगरिया निवासी नरेश कुमार अरोड़ा ने संगरिया थाने में शिकायत दर्ज कराई। नरेश ने बताया कि उनकी धानमंडी, संगरिया में किराए की दुकान है, जहां वे और उनके पार्टनर विकास जैन काम करते थे। दोपहर करीब 2 बजे नरेश ने विकास को फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। दुकान पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि विकास फर्श पर गिरा हुआ था, उनके मुंह और पेट से खून बह रहा था। पास में गोलियों के खाली खोखे बिखरे थे, और विकास के शरीर पर गोली के निशान थे। नरेश ने तुरंत आसपास के लोगों को बुलाया और विकास को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक हरी शंकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (एफएसएल) और मोबाइल ऑपरेशन ब्रांच (एमओबी) की टीम ने मौके से साक्ष्य जमा किए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने 10 विशेष जांच टीमें गठित कीं, जिन्हें अज्ञात आरोपियों की तलाश में लगाया गया।