बाड़मेर में रेलवे कर्मचारी को हनीट्रैप का शिकार बनाया: दो युवतियों ने बुलाया, युवकों ने बंधक बनाकर पीटा, 10 लाख की मांग
रिपोर्ट जसवंत सिंह शिवकर - बाड़मेर में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां रेलवे स्टेशन पर कार्यरत मुख्य आरक्षक परिवेक्षक को हनीट्रैप में फंसाने की साजिश रची गई। दो युवतियों ने पहले कर्मचारी से संपर्क बढ़ाया और फिर उसे मिलने के बहाने बुलाकर किराए के मकान में ले गईं। वहां दो युवकों ने कर्मचारी को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की, उसके कपड़े उतारकर अश्लील वीडियो बनाए और 10 लाख रुपये की उगाही की मांग की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने कर्मचारी की पत्नी को वॉट्सऐप पर अश्लील फोटो भेजकर धमकी दी कि पैसे नहीं मिले तो वीडियो वायरल कर देंगे। यह घटना सोमवार शाम को सदर थाना क्षेत्र के शिव नगर मोहल्ले में हुई। पुलिस ने मंगलवार शाम को रिपोर्ट दर्ज कर दो युवतियों को हिरासत में लिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
कैसे शुरू हुई साजिश?
पीड़ित रेलवे कर्मचारी ने सदर थाने में दी अपनी रिपोर्ट में बताया कि वह बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर मुख्य आरक्षक परिवेक्षक के पद पर तैनात है। करीब दो महीने पहले रेलवे स्टेशन पर टिकट पूछताछ के दौरान उसकी मुलाकात एक युवती से हुई, जिसने अपना नाम सुमन (बदला हुआ नाम) बताया। सुमन ने अपना मोबाइल नंबर शेयर किया और हर 5-10 दिन में टिकट से संबंधित जानकारी के लिए फोन पर बातचीत होने लगी। करीब 5-6 दिन पहले सुमन ने फोन कर अपनी एक सहेली से संपर्क करवाया और उसका नंबर दिया। सुमन ने कहा कि यह लड़की आपसे बात करेगी।