लव ट्रायंगल में प्रेमिका के एक्स से चैट पर भड़का प्रेमी,गोली मारकर गिरफ्तार
लव ट्रायंगल के चलते एक युवक ने अपनी प्रेमिका के पूर्व प्रेमी पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार और शराब बरामद की।
पटना के रामकृष्ण नगर इलाके में 29 अगस्त को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां लव ट्रायंगल के चलते दो युवकों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में एक युवक ने अपने प्रेमिका के पूर्व प्रेमी पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मंगलवार को पटना पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना भूपतिपुर क्षेत्र में हुई, जहां अभिषेक आनंद नाम के एक युवक ने अपने प्रेमिका के पूर्व प्रेमी गौतम पर गोली चला दी। अभिषेक ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन गौतम ने उसे फोन कर पटना कॉन्वेंट स्कूल के पास बुलाया था। अभिषेक अपनी प्रेमिका के साथ बाइक पर वहां पहुंचा, जहां दोनों के बीच तीखी बहस और गाली-गलौज हुई। इसके बाद अभिषेक ने अपनी प्रेमिका को सिपारा स्थित उसके घर छोड़ा और वहां से पिस्तौल लेकर वापस लौटा। उसने गौतम की गर्दन में गोली मार दी, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।
लव ट्रायंगल बना विवाद की जड़
पुलिस पूछताछ में अभिषेक ने बताया कि वह UPSC और CDS की तैयारी करता है और पिछले दो साल से उसका एक लड़की के साथ प्रेम संबंध था। लेकिन उसी लड़की का गौतम के साथ पिछले आठ साल से रिश्ता था। लड़की दोनों से बात करती थी, जो अभिषेक को बिल्कुल पसंद नहीं था। इस बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया और आखिरकार यह विवाद हिंसक रूप ले लिया।