'देश पहले है, ऐसी बेटी की जरूरत नहीं': जयपुर से गिरफ्तार महिला आतंकी बबीता उर्फ खदीजा पर पिता का बड़ा बयान
जयपुर से जैश-ए-मोहम्मद की कथित स्लीपर सेल सदस्य बबीता उर्फ खदीजा की गिरफ्तारी के बाद उसके पिता लालाराम धाकड़ ने कहा कि देश सबसे पहले है और देश विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के लिए कोई जगह नहीं होनी चाहिए। ATS मामले की गहन जांच कर रही है।
जयपुर से जैश-ए-मोहम्मद की कथित स्लीपर सेल सदस्य बबीता उर्फ खदीजा की गिरफ्तारी के बाद उसके पिता लालाराम धाकड़ का भावुक और सख्त बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि उनके लिए देश सबसे पहले है और उन्हें कभी अंदाजा नहीं था कि उनकी बेटी किसी देश विरोधी गतिविधि से जुड़ी हो सकती है।
लालाराम धाकड़ ने कहा, "मेरे लिए देश पहले है। मुझे ऐसी संतान की जरूरत नहीं है जो देश के खिलाफ काम करे। जो लोग राष्ट्र विरोधी गतिविधियों में शामिल होते हैं, उन्हें नरक में भी जगह नहीं मिलनी चाहिए।" उन्होंने बताया कि बबीता कई वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी और जयपुर के वाटिका क्षेत्र स्थित उनके घर में परिवार के साथ ही रहती थी।
उन्होंने कहा कि परिवार के सभी सदस्य एक साथ रहते और सोते थे, लेकिन कभी ऐसा नहीं लगा कि बबीता किसी संदिग्ध गतिविधि में शामिल है। बबीता की शादी हिंडौन सिटी में हुई थी और पति से विवाद के चलते उसका तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन है।