पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोपी मुश्ताक की रिमांड बढ़ी: संदिग्ध संपर्कों और बैंक खातों की होगी गहन जांच
पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार मुश्ताक की पुलिस रिमांड कोर्ट ने तीन दिन और बढ़ा दी है।
पाकिस्तान के लिए कथित रूप से जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार मुश्ताक की पुलिस रिमांड अवधि सोमवार को समाप्त होने के बाद उसे अदालत में पेश किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईडी इंटेलिजेंस ने पूछताछ के लिए अतिरिक्त रिमांड की मांग की, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए आरोपी को तीन दिन की और पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब उसे 25 जून को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सीआईडी इंटेलिजेंस के विशेष लोक अभियोजक (स्पेशल पीपी) सुदेश सत्वान ने बताया कि जांच एजेंसी को आरोपी के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), बैंक खातों और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच करनी है। पूछताछ के दौरान कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियों ने इन लोगों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
सहयोगियों और नेटवर्क की तलाश
पांच दिन की रिमांड के दौरान जांच टीम आरोपी को उन स्थानों पर भी लेकर गई, जहां उसने कथित रूप से संवेदनशील फोटो और वीडियो बनाए थे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थलों का सत्यापन किया और यह जानने का प्रयास किया कि स्थानीय स्तर पर उसे किस प्रकार की मदद मिल रही थी। जांच एजेंसियां अब उसके संभावित सहयोगियों और संपर्क सूत्रों की भूमिका खंगाल रही हैं।