पाली में बिंदोली के दौरान DJ पर डांस बना मौत की वजह... युवक की पीट-पीटकर हत्या
पाली जिले के सोजत रोड थाना क्षेत्र के खारिया सोढ़ा गांव में शादी की बिंदोली के दौरान DJ पर डांस को लेकर हुए विवाद में 22 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
राजस्थान के पाली जिले के सोजत रोड थाना क्षेत्र के खारिया सोढ़ा गांव में शादी समारोह की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बिंदोली के दौरान DJ पर डांस को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, घायल युवक को अस्पताल ले जा रहे परिजनों की कार को भी आरोपियों ने घेर लिया और डंडों व पत्थरों से हमला करते हुए करीब एक घंटे तक रास्ता रोककर रखा। इलाज में हुई देरी के कारण युवक की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अंकित वाल्मीकि (22) निवासी पीपाड़, जोधपुर के रूप में हुई है। अंकित बचपन से अपने नाना मोहब्बत लाल के साथ बिलाड़ा में रहता था। वह शुक्रवार को अपने नाना के साथ उनके साढ़ू के पोते की शादी में शामिल होने खारिया सोढ़ा गांव आया था।
DJ पर डांस के दौरान शुरू हुआ विवाद
थानाधिकारी कमला लोहार ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे बिंदोली निकाली जा रही थी। इस दौरान DJ पर डांस करते समय अंकित का शादी में आए कुछ मेहमानों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने अंकित पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। बेरहमी से की गई पिटाई के बाद अंकित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।