सेकेंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा का फरार डमी कैंडिडेट गिरफ्तार, SOG ने सीकर से दबोचा... 1 लाख में हुआ था सौदा
राजस्थान एसओजी ने सेकेंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा-2022 में डमी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने वाले फरार आरोपी चन्द्रभान यादव को सीकर से गिरफ्तार किया है।
राजस्थान में भर्ती परीक्षाओं में फर्जीवाड़े के खिलाफ कार्रवाई जारी है। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने सेकेंड ग्रेड टीचर भर्ती परीक्षा-2022 के एक फरार डमी कैंडिडेट को सीकर से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान चन्द्रभान यादव (26) पुत्र पुरणमल यादव, निवासी अजीतगढ़ (सीकर) के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसओजी ने 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक (सेकेंड ग्रेड) भर्ती परीक्षा-2022 की जांच के दौरान सामने आया कि करौली जिले के सपोटरा निवासी अनिल कुमार मीणा ने विज्ञान, सामान्य ज्ञान और शैक्षणिक विज्ञान विषय की परीक्षा में स्वयं उपस्थित होने के बजाय डमी अभ्यर्थी को परीक्षा दिलवाई थी।
जांच के अनुसार, भरतपुर जिले के सेवर स्थित परीक्षा केंद्र पर चन्द्रभान यादव ने अनिल कुमार मीणा की जगह परीक्षा दी थी। परीक्षा के बाद अनिल कुमार मीणा का चयन सेकेंड ग्रेड वरिष्ठ अध्यापक के पद पर हो गया था।