जोधपुर में देर रात आगजनी से सनसनी घर में घुसकर चार वाहनों को फूंका अवैध खनन विवाद बना वजह...
जोधपुर के राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र में देर रात बदमाशों ने एक घर में घुसकर बाहर खड़े डंपर, ट्रक, कार और कैम्पर में आग लगा दी। आरोपियों ने ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतलें मकान की ओर भी फेंकी, हालांकि परिवार ने समय रहते आग बुझाकर बड़ा हादसा टाल दिया। घटना के पीछे केरू गांव में चल रहा अवैध खनन विवाद कारण माना जा रहा है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जोधपुर (राजस्थान):- जोधपुर शहर में रविवार देर रात बदमाशों द्वारा की गई आगजनी की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। आरोप है कि 10 से अधिक लोग एक मकान की चारदीवारी फांदकर अंदर घुसे और बाहर खड़े चार वाहनों में आग लगा दी। इतना ही नहीं, आरोपियों ने ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतलें मकान की ओर भी फेंकीं, जिससे बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वाहन जलते हुए दिखाई दे रहे हैं।
रात 3 बजे घर में घुसकर दिया वारदात को अंजाम
राजीव गांधी नगर थाना क्षेत्र में रहने वाले एडवोकेट रविंद्र चौधरी ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि रविवार रात करीब 3 बजे 10 से ज्यादा बदमाश उनके घर की चारदीवारी कूदकर अंदर घुस आए। आरोपियों के हाथों में पेट्रोल और कांच की बोतलों में भरा ज्वलनशील पदार्थ था।